
Ballia: शासन की जनशिकायत निस्तारण प्रणाली आईजीआरएस में उत्कृष्ट कार्य करते हुए तहसील रसड़ा ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। तहसील प्रशासन की सक्रियता, नियमित समीक्षा और समन्वित टीमवर्क के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है।
तहसील स्तर पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की गई और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर त्वरित समाधान
कराया गया। इसी प्रभावी कार्यप्रणाली के कारण तहसील रसड़ा प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंची। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील में अलग-अलग श्रेणियों की शिकायतों का निस्तारण किया गया।

इनमें भूमि से संबंधित 13 शिकायतें, खसरा-खतौनी व अभिलेख से जुड़ी 2, जमीन की पैमाइश से संबंधित 32, सड़क निर्माण से जुड़ी 57, अन्य लाइन व सुविधाओं से संबंधित 86, अनियमितता से जुड़ी 7, पेंशन पोर्टल से संबंधित 9, राजस्व रिपोर्ट व निस्तारण से जुड़ी 3, भूमि अतिक्रमण से संबंधित 20 तथा अवैध भूमि कब्जे से जुड़ी 2 शिकायतों का समाधान कराया गया।

इस उपलब्धि के पीछे उपजिलाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार निखिल शुक्ला, नायब तहसीलदार उदय राज रत्न तथा पूरी राजस्व टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही सभी लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और पटल सहायकों ने शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण में अहम योगदान दिया। तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आगे भी आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।